

पथरिया:- जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कलेक्टर मुंगेली को पत्र सौंपकर पथरिया ब्लॉक मुख्यालय से जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नियमित रूप से नदारद रहने के मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर को दिए पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि जिले में पदस्थ कुछ जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय पर नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते हैं। इसके कारण आम जनता को शासकीय कार्यों एवं अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

पत्र में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति पंजी, कार्यालयीन रिकॉर्ड तथा मुख्यालय में निवास करने की वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही जांच के दौरान यदि कोई अधिकारी बिना उचित अनुमति के लगातार मुख्यालय से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध शासन के नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई है।
घनश्याम वर्मा ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों का निर्धारित मुख्यालय में रहना और आम जनता की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय में रहकर जनसमस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है।
उन्होंने कलेक्टर से जनहित में मामले की शीघ्र जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित एवं कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
