छत्तीसगढ़मुंगेली

एक मंच पर आए कलेक्टर-एसएसपी और जिले के युवा हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुंगेली में युवा संगोष्ठी का हुआ आयोजन

मुंगेली – हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में युवा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में जिले के युवाओं ने समाज, पर्यावरण और जिले के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने युवाओं से संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

खुद को जानें, छोटे प्रयासों से शुरू करें बड़े बदलाव की यात्रा:-कलेक्टर

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि “स्वयं को जानना ही अच्छे बदलाव की पहली शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को समस्याओं के समाधान के लिए अपने स्तर पर पहल करनी होगी। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव की तस्वीर तैयार करते हैं। कलेक्टर ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के परिवर्तन के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उनके विचार, नवाचार और सक्रिय सहभागिता मुंगेली को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

समय की कीमत समझें, नशे से दूर रहें और साइबर सुरक्षा के प्रति रहें सतर्क:-एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति ने सभी को समान रूप से समय दिया है, इसलिए जीवन में समय का सदुपयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को समय की कीमत समझने और उसे सही दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया! उन्होंने पत्रकारिता से जुड़े युवा और सामाजिक कार्यकर्ता अजय यादव के नशा को लेकर जनजागरण अभियान के सवालों और सुझावों पर कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसके विरुद्ध पहला नियंत्रण परिवार से शुरू होता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। एसएसपी ने युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश देते हुए कहा कि समाज की अनेक समस्याओं का समाधान भी समाज की सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।

संगोष्ठी में जल संरक्षण, स्वरोजगार, सिविक सेंस, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और मुंगेली के समग्र विकास जैसे विषयों पर युवाओं ने अपने विचार रखे। युवा राहुल ने भविष्य में जल संकट की चुनौती से निपटने के लिए वर्षा जल को रोकने और संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। युवा शरद ने सिविक सेंस और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

युवा साहित्यकार परिहार ने अपनी कविता के माध्यम से साइबर सुरक्षा और जागरूकता का संदेश देते हुए युवाओं एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, यश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Brajesh Sharma

haribhoomitimes.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।
Back to top button