छत्तीसगढ़मुंगेली

पथरिया में बनेगा 5 करोड़ के लागत से बनेगा मल्टीपरपस इंडोर हॉल, शासन ने दी स्वीकृति, नप अध्यक्ष हुलसी रघु वैष्णव ने विधायक धरमलाल कौशिक का जताया आभार

पथरिया:- नगर पंचायत पथरिया के वार्ड क्रमांक 01 अंतर्गत ग्राम लछनपुर में 499.82 लाख रुपये की लागत से मल्टीपरपस इंडोर हॉल का निर्माण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत इस निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से नगर में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

 

मल्टीपरपस इंडोर हॉल की स्वीकृति मिलने से नगर के जनप्रतिनिधियों, युवा खिलाड़ियों और नागरिकों में उत्साह का माहौल है। इस बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास एवं खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा सामाजिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और नगरवासियों को विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों, सम्मेलनों तथा सांस्कृतिक आयोजनों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इंडोर सुविधा होने से मौसम की बाधाओं के बीच भी गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।

इस सौगात के लिए जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव तथा बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के प्रति आभार व्यक्त किया है।

स्वीकृति पर जनप्रतिनिधियों एवं खेल प्रभारी की प्रतिक्रियाएं

धरमलाल कौशिक, विधायक बिल्हा एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष:- पथरिया को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मल्टीपरपस इंडोर हॉल के निर्माण से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, सामाजिक आयोजनों और बड़े प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए भी अनुकूल एवं पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

हुलसी रघु वैष्णव, अध्यक्ष नगर पंचायत पथरिया:- मल्टीपरपस इंडोर हॉल का निर्माण पथरिया के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसका उपयोग खेलकूद, बैठकों, सामाजिक आयोजनों और अन्य गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। हमारा प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो, ताकि नागरिकों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के प्रति आभार व्यक्त करती हूं।

मनोज पाण्डेय, उपाध्यक्ष नगर पंचायत पथरिया:- पथरिया में लंबे समय से बहुउद्देशीय हॉल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसकी स्वीकृति मिलने से नगरवासियों को विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे लोगों को कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। इस सौगात के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विधायक धरमलाल कौशिक का आभार व्यक्त करते हैं।

अशोक यादव, खेल प्रभारी पथरिया:- मल्टीपरपस इंडोर हॉल की स्वीकृति युवाओं और खिलाड़ियों के लिए उत्साहजनक खबर है। इसके निर्माण से खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, युवा सम्मेलनों और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों को प्रोत्साहन मिलेगा। उम्मीद है कि यह हॉल पथरिया के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी साबित होगा तथा क्षेत्र में खेल गतिविधियों के विस्तार का माध्यम बनेगा।

Brajesh Sharma

haribhoomitimes.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।
Back to top button