
सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 12, भोयना तालाब के पार स्थित भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग के समीप स्थापित नंदी बाबा की प्रतिमा को कुछ समय पूर्व एक युवक द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे क्षेत्र में किसी प्रकार का तनाव या अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देश पर थाना प्रभारी श्री संतोष शर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लिया। प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल कराया गया। पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रही।
इसी क्रम में सावन सोमवार के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के बैनर तले, सियाराम सागर परिवारजनों एवं समस्त नगरवासियों की उपस्थिति में नंदी बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ नंदी बाबा की पुनः स्थापना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए तथा भगवान भोलेनाथ एवं नंदी बाबा की सामूहिक आरती की गई।
इस अवसर पर गौ सेवा आयोग विकासखंड समिति के अध्यक्ष श्री बृजेश शर्मा ने नंदी बाबा की प्रथम पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित किसानों एवं नगरवासियों से गौ सेवा और नंदी सेवा को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए अधिक से अधिक गौ माता का संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने घरों में गौ माता का पालन करना चाहिए तथा निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए भी आगे आना चाहिए।
श्री शर्मा ने कहा कि गौ माता और नंदी की सेवा हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। किसानों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि घर में गौ माता का पालन करें, गौवंश को सड़कों पर बेसहारा न छोड़ें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ सेवा एवं नंदी सेवा में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। पुलिस की मौजूदगी एवं नगरवासियों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
आयोजकों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की तत्परता, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नगरवासियों के संयम एवं सहयोग से किसी बड़ी अप्रिय स्थिति को टाला जा सका। नंदी बाबा की पुनः स्थापना धार्मिक आस्था के साथ-साथ शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग का संदेश देती है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ एवं नंदी बाबा से नगर और क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि, गौ संरक्षण तथा सामाजिक सद्भाव की कामना की।





